कानपुर। केसीए की ओर से आयोजित संडे क्रिकेट लीग में रविवार को पहले मैच में ब्लू वारियर्स ने क्रेजी रेंजर्स को तीन विकेट से मात दी। दूसरे मैच में बीसीए लीजेंड्स ने डैम चार्जर्स को 10 विकेट से पराजित किया। तीसरे मैच में अर्पित की शतकीय पारी से नाइट स्कैचर्स ने कलावती सुपरकिंग्स को पांच विकेट से हराया।
श्यामनगर स्थित पीएसी मैदान पर खेले गए मैच में क्रेजी रेंजर्स 27.3 ओवर में 107 रन पर ऑलआउट हो गई। आयुष ने 40, मोहिब अंसारी ने 27 रन बनाए। त्रिभुवन दीक्षित व इंद्रभूषण ने तीन-तीन, राम सिंह ने दो व नवनीत सिंह ने एक विकेट लिया। ब्लू वारियर्स ने 14 ओवर में सात विकेट पर 108 रन बनाकर मैच जीता। राहुल तिवारी ने 66 रन व त्रिभुवन दीक्षित ने 10 रन बनाए। चारू सोनकर ने पांच व नीरज ने दो विकेट लिए किया। प्लेयर ऑफ द मैच त्रिभुवन दीक्षित को चुना गया।
राहुल सप्रू मैदान दूसरे मैच में डैम चार्जर्स की पूरी टीम 20.3 ओवर में 105 रन पर ढेर हो गई। विशाल ने 29 व डॉ. अभिलाष ने 25 रन बनाए। सौरभ ने तीन, डॉ. इरफान ने दो, सुरेंद्र, सत्येंद्र, राज सिंह व जिम्मी चक ने एक-एक विकेट झटका। बीसीए लीजेंड्स ने स्वर टंडन नाबाद 48 व विनीत रस्तोगी के नाबाद 38 रन के दम पर 12.3 ओवर में बिना कोई विकेट खोए 106 रन बनाकर मैच जीता। प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब डॉ. इरफान को दिया गया।
श्यामनगर स्थित आरपीसीए मैदान पर तीसरे मैच में कलावती सुपरकिंग्स ने 29.2 ओवर में 175 रन बनाए। राहुल सिंह ने 69 रन की अर्धशतकीय पारी खेली व गुरमीत ने 24 रन बनाए। अनुराग पांडे ने तीन, गौरव ने दो व मनीष, अर्पित ने एक-एक विकेट अपने नाम किया। नाइट स्कैचर्स ने 23.5 ओवर में पांच विकेट पर 177 रन बनाकर मैच जीता। जीत में अर्पित तिवारी ने नाबाद 103 रन की शतकीय पारी खेली। अनुज ने दो विकेट अपने नाम किए। अर्पित तिवारी को प्लेयर ऑफ द मैच के खिताब से नवाजा गया। यह जानकारी केसीए सचिव कौशल कुमार सिंह ने दी।