कानपुर देहात। कोविड अस्पतालों में उपलब्ध बेड, ऑक्सीजन व अन्य संसाधनों की जानकारी देने तथा विषम हालात में लोगों की मदद के लिए जिले के छात्रों ने एक वेबसाइट तैयार की है। वेबसाइट डब्लूडब्लूडब्लूडॉटकानपुरदेहातडॉटइन पर क्लिक कर लोग संबंधित जानकारी हासिल कर सकते हैं।
पिछली बार की अपेक्षा इस बार जिले में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या अधिक हो गई। इसके साथ ही लोगों को उपचार कराने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। संक्रमितों को सही स्वास्थ्य सुविधा मिले और उन्हें अस्पतालों में उपलब्ध संसाधनों की जानकारी हो सके इसके लिए अकबरपुर के रहने वाले लॉ के छात्र आयुष त्रिवेदी ने डब्लूडब्लूडब्लूडॉटकानपुरदेहातडॉटइन वेबसाइट तैयार की है।
जरूरत पर लोग इस वेबसाइट पर जाकर अस्पतालों में उपलब्ध बेड और अन्य जरूरी सुविधाओं की जानकारी पा सकते हैं। आयुष त्रिवेदी ने बताया कि वेबसाइट का डिजाइन आईआईटी की तैयारी कर रहे श्रेष्ठ वाजपेयी व अभिषेक मिश्रा ने बनाया है। प्रतियोगी परीक्षा की तैयार कर रहे आकाश दीक्षित का समन्वय है, जबकि बीटेक कर रहे लक्ष्य शुक्ला ने हेल्प डेस्क पर काम किया है।
प्लाज्मा प्रबंधन के लिंक आदि का काम बीएससी कृषि कर रहे नदंन शुक्ला ने तैयार किया है। वेबसाइट का डाटा बीबीए की पढ़ाई कर रहे राम जी पाल ने तैयार किया है। वेबसाइट पर रक्त व प्लाज्मा प्रबंधन का विकल्प मौजूद है। यहां लोग प्लाज्मा भी दान कर सकते हैं और जिन लोगों को इसकी जरूरत हो वह इसमें अनुरोध भी कर सकते है। वेबसाइट पर उपलब्ध डाटा प्रतिदिन अपडेट भी किया जाएगा।
वेबसाइट पर मिलेगी यह जानकारी
कोविड अस्पतालों की सूची व पता, संपर्क सूत्र व बेड उपलब्धता के साथ ही अस्पतालों में ऑक्सीजन उपलब्धता, कोविड टेस्ट लैब, सीटी स्कैन सेंटर, एंबुलेंस सर्विस, वैक्सीनेशन सेंटर की जानकारी मिलेगी। फोन पर निशुल्क परामर्श देने वाले डॉक्टरों के नाम व नंबरों का ब्योरा भी यहां उपलब्ध रहेगा।