हरदोई जिले में सुहेल भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दुनिया के सबसे ज्यादा झूठ बोलने वाले नेता हैं। झूठ बोलने के मामले में उन्होंने प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को दूसरा नंबर दिया।
उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी चाय बेचते बेचते देश बेचने लगे हैं। रेलवे बेचा, बीएसएनएल बेचा, कोयले की खदान बेची और कहते हैं कि फकीर हैं झोला उठाकर चल देंगे। सवाल भी किया, कि कोई फकीर दिन में तीन बार करोड़ों रुपये के कपड़े बदलता है क्या।
संडीला विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत भरावन विकास खंड के ग्राम बिरहाना में आयोजित जन चौपाल में शामिल होने के बाद पत्रकारों से बातचीत में ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि जिन जिन प्रदेशों में भाजपा की सरकारें हैं वहां हिंदू-मुस्लिम के बीच झगड़ा कराया जाता है।
वोट हासिल करने के लिए भाजपा झगड़े कराती है। उन्होंने भ्रष्टाचार के मामले में प्रदेश सरकार को निशाने पर लेते हुए कहा कि साधु संतों को मंदिर में घंटा बजाना चाहिए। मुख्यमंत्री ईमानदार बने रहे और कुंभ के आयोजन में घोटाला हो गया। कैग की रिपोर्ट में सबकुछ सामने आ चुका है।