कानपुर में मैनावती मार्ग पर गुरुवार शाम एक दरोगा की स्कॉर्पियो कार ने बुजुर्ग को रौंद दिया। भागने के प्रयास में बुजुर्ग गाड़ी में फंस गया और करीब सौ मीटर तक घिसटते हुए चला गया। पुलिस ने गाड़ी को कब्जे में लेने के साथ चालक दरोगा के भाई को हिरासत में लिया है।
नवाबगंज ख्योरा निवासी ओम प्रकाश (58) गुरुवार को शाम करीब छह बजे साइकिल से बैराज की तरफ से जा रहे थे। तभी पीछे से आ रही स्कॉर्पियो (यूपी 78 ईआर 9746) ने साइकिल में टक्कर मार ओम प्रकाश को रौंद दिया। घायल ओम प्रकाश गाड़ी में फंस गए।
इसी बीच चालक ने भागने के चक्कर में गाड़ी रफ्तार में भगा दी और ओम प्रकाश सड़क पर घिसटते हुए चले गए। लोगों ने जब पीछा किया तब चालक ने गाड़ी रोकी। नवाबगंज इंस्पेक्टर ओम प्रकाश को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। गाड़ी सीज कर दी गई है।