राजपुर (कानपुर देहात)। किशोरी के अपहरण कर दुष्कर्म के मामले में फरार चल रहे एक आरोपी के खिलाफ कोर्ट ने संपत्ति कुर्की की कार्रवाई का आदेश दिया हैं। इस पर बुधवार को राजपुर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ गांव में डुग्गी बजवाकर नोटिस चस्पा किया है।
आरोपी एक माह में कोर्ट में पेश नहीं हुआ तो संपत्ति कुर्क की जाएगी। राजपुर थानाध्यक्ष अनिलेश यादव ने बताया कि सट्टी थाना क्षेत्र के गौरीकरन गांव निवासी रामबली के पुत्र संजय के खिलाफ एक व्यक्ति ने नाबालिग बेटी से दुष्कर्म करने का आरोप लगा मुकदमा दर्ज कराया था।
एक वर्ष से आरोपी के फरार होने की वजह से पीड़िता के पिता ने कार्रवाई के लिए हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया। इस पर हाईकोर्ट ने आरोपी के खिलाफ गैर जमानती वारंट और संपत्ति कुर्क करने की नोटिस जारी किया था। इसे आरोपी के घर के बाहर चस्पा किया गया है।