कानपुर। नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय को शुक्रवार को निरीक्षण के दौरान बैंक ऑफ बड़ौदा से गड़रियन पुरवा मार्ग पर नाले में अतिक्रमण व गंदगी मिली। नाले का पानी स्थिर होने से सफाई न होने की बात स्पष्ट थी। स्वास्थ्य और इंजीनियरिंग विभाग के बीच तालमेल की कमी सामने आई। इस पर जोनल अभियंता और जोनल स्वच्छता अधिकारी-5 को कारण बताओ नोटिस जारी करने का निर्देश दिया।
इसी तरह, अमर जवान चौक के पास एक टूटे मकान का निर्माण हो रहा था। मलबा व अपशिष्ट सड़क पर पड़ा था। नगर आयुक्त ने संबंधित भवन स्वामी से 20,000 रुपये उपयोगकर्ता शुल्क वसूलने का निर्देश दिया। अपशिष्ट को पनकी भाऊसिंह स्थित ठोस अपशिष्ट प्रबंधन संयंत्र भेजने के लिए कहा। साथ ही, अमर जवान चौक पर मंदिर के बगल में चैंबर से पानी निकलने की समस्या का स्थायी समाधान करने के लिए कहा।
नगर आयुक्त ने मोतीझील क्षेत्र में गली पिटों की सफाई के बाद पानी डालकर जल निकासी की तीव्रता जांचने के निर्देश दिए। जोन-5 स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा चौराहा फजलगंज में नाले की सफाई 16 जून तक पूरी करने और सिल्ट उठाने का निर्देश दिया। नगर आयुक्त को अग्निशमन कार्यालय के सामने रफाका नाले में फ्लोटिंग मिली। इसे रोकने के लिए पुलिया पर कचरा मशीन लगाने का निर्देश दिया। चावला मार्केट चौराहे पर बारिश में जलभराव की समस्या के समाधान के लिए दो ट्रेंचलेस पाइपलाइन डालने को कहा।
इस दौरान मुख्य अभियंता एसएफए जैदी, जलकल महाप्रबंधक आनंद कुमार त्रिपाठी, जोनल अभियंता आलोक, कमलेश पटेल, मीनाक्षी अग्रवाल, जोनल स्वच्छता अधिकारी फहीम, अवनीश यादव, अमित कुमार व अन्य अधिकारी मौजूद रहे।