शुक्लागंज। कोतवाली गंगाघाट के मरहला चौराहे के निकट नायब तहसीलदार की खड़ी कार में डीसीएम ने टक्कर मार दी जिससे कार क्षतिग्रस्त हो गई। गनीमत रही कि कार के अंदर बैठे नायब तहसीलदार बाल-बाल बच गए। सूचना पर पुलिस ने डीसीएम चालक व क्लीनर को पकड़ लिया है।
नायब तहसीलदार सदर रजनीश बाजपेई सरैया गांव से एक सरकारी कार्य निपटा कर गुरुवार शाम पांच बजे उन्नाव की ओर जा रहे थे। मरहला चौराहे के पास वह कार खड़ी कर कानूनगो सुजीत कुमार का इंतजार करने के लिए रुक गए। वह एक फोन आने पर कार में ही बैठकर बात करने लगे तभी आजाद मार्ग की ओर से आ रही डीसीएम अचानक अनियंत्रित होकर कार से जा टकराई। झटका लगते ही नायब तहसीलदार गेट खोल सड़क की ओर कूद गए। राहगीरों व क्षेत्रीय लोगों ने डीसीएम चालक व क्लीनर को पकड़ पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने डीसीएम चालक व क्लीनर को कब्जे में ले लिया है। कोतवाली प्र्रभारी गंगाघाट ने बताया कि तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।