इटावा। प्रसपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल सिंह लोकसभा उपचुनाव में अपनी उपेक्षा से अखिलेश यादव से नाराज हैं। पत्रकार वार्ता में उपचुनाव के सवाल पर शिवपाल ने कहा कि किसी ने मुझसे चुनाव को लेकर कुछ कहा ही नहीं, इसलिए मेरे आंख-कान बंद हैं। इन चुनावों में हम बिल्कुल शांत हैं।
शिवपाल सिंह यादव अपने विधानसभा क्षेत्र में एक मंदिर के कार्यक्रम में होने आए थे। आजमगढ़ से सपा के प्रत्याशी भतीजे धर्मेंद्र यादव को जीत का आशीर्वाद देने के सवाल पर शिवपाल ने कहा कि हमसे आशीर्वाद मांगेंगे तो जरूर देंगे। दरअसल सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव ने रामपुर और आजमगढ़ में चुनाव के प्रचार के लिए स्टार प्रचारकों की सूची से शिवपाल सिंह को बाहर कर दिया है। इस वजह से शिवपाल चुनावों से दूरी बनाए हुए हैं। पिछले कई दिनों से वह अपने विधानसभा क्षेत्र जसवंतनगर में कार्यक्रम में शामिल हो रहे हैं।