बीएनएसडी स्कूल में ‘मां तुझे प्रणाम’ की रैली के संबंध में प्रिंसिपलों के साथ हुई बैठक को संबोधित करते डीआईओएस कोमल यादव और साथ में बैठे जिला आयुक्त स्काउट एंड गाइड आरसी शर्मा (सबसे बाएं)।
- फोटो : amarujala
कानपुर। अपनी जान पर खेलकर दूसरे की जान बचाने वाले और अपनी हिम्मत से बहादुरी की मिसाल कायम करने वाले माई सिटी हीरो को शुक्रवार को आईजी जकी अहमद ‘राजू सरदार ब्रेवरी अवार्ड’ देकर साम्मानित करेंगे। फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता भी कराई जाएगी। इस दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। इस कार्यक्रम का सक्रिय भागीदार भारत मां शहीद सम्मान ट्रस्ट नई दिल्ली है। जिला प्रशासन का विशेष सहयोग है।
अमर उजाला की प्रस्तुति ‘मां तुझे प्रणाम’ की कड़ी में शुक्रवार को दोपहर 2:30 बजे से फैैंसी ड्रेस प्रतियोगिता कराई जाएगी। 3 से 8 साल के 90 बच्चों को फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे। इन सबको टेलीफोन से सूचित किया गया है। शुक्रवार को विज्ञापन जरिये सबके नाम प्रकाशित किए जाएंगे। राजू सरदार ब्रेवरी अवार्ड का आयोजन शाम छह बजे होगा। इसके लिए माई सिटी हीरो की तलाश पूरी हो गई। इनके नाम अमर उजाला में अगस्त 2015 से जुलाई 2016 के बीच माई सिटी हीरो टैग के साथ प्रकाशित किए गए हैं।
जानें राजू सरदार को
1 मई 2013 को शास्त्री नगर चेन फैक्ट्री चौराहे पर हुई एक घटना ने मैकेनिक को शहीद का दर्जा दिला दिया। शास्त्री नगर स्थित अपने घर के नीचे पंचर की दुकान में काम कर रहे इंद्रजीत उर्फ राजू सरदार का ध्यान महिला की चीख से दुकान के सामने अपार्टमेंट की तरफ पड़ा। वहां रहने वाली महिला की चेन लूटकर बाइक सवार लुटेरे भाग रहे थे। राजू सरदार कामकाज छोड़कर फौरन लुटेरों की तरफ भागा और दबोच लिया। लुटेरों ने खुद को बचाने के लिए राजू सरदार को गोली मार दी। जिसमें राजू शहीद हो गया। अमर उजाला ने राजू सरदार की शहादत को जन-जन तक पहुंचाने के लिए मुहिम चलाई, परिवार को आर्थिक मदद दिलाने के साथ ही राजू को शहीद का दर्जा भी दिलाया।