हिंदू महासभा के एक पदाधिकारी की आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध में कई मुस्लिम संगठनों के आह्वान पर बुधवार को मुस्लिम बहुल क्षेत्रों के सभी बाजार बंद कर दिए गए।
तलाक महल में हुए जलसे में बरेलवी और देवबंदी उलेमा और मुस्लिम बुद्धिजीवियों के अलावा हजारों की तादाद में मुस्लिम इकट्ठा हुए। इसमें पैगंबर-ए-इस्लाम की शान में गुस्ताखी करने वाले को फांसी की सजा की मांग की गई। अध्यक्षता शहरकाजी मौलाना आलम रजा नूरी ने की।
सुबह दस बजे से ही लोग तलाक महल में पहुंचने लगे थे। धरना प्रदर्शन शुरू हुआ तो लोगों ने नारेबाजी शुरू कर दी। जलसे में उलेमा और बुद्धिजीवियों ने विरोध प्रदर्शन के साथ ही लोगों से अमन बनाए रखने की अपील भी की। प्रदेश सरकार से की गई मांगों को न मानने पर मुस्लिम मंत्रियों से इस्तीफा देने का आह्वान भी किया गया।
बयानबाजी के विरोध में बेकनगंज बाजार, रहमानी मार्केट, दादामियां चौराहा, रेडीमेड मार्केट, चमनगंज चौराहे, कर्नलगंज, तलाक महल, परेड बाजार आदि बाजार बंद रहे।
प्रदर्शन के दौरान नायब शहरकाजी मौलाना मतीनुल हक ओसामा, मौलाना अब्दुल कुद्दूस हादी, हाजी मोहम्मद सलीस, हाजी मोहम्मद वसीक, शहाबुद्दीन, रिजवान हामिद, बहार अहमद, हयात जफर हाशमी, जावेद मोहम्मद खान, इफ्तिखार हसन, हाजी शफी, अकील लाला आदि मौजूद रहे।