रायबरेली में बैंक ऑफ बड़ौदा के सहायक प्रबंधक चकेरी निवासी जय प्रकाश पाल की हत्या की गुत्थी पुलिस तीन दिन बाद भी नहीं सुलझा पाई है। पुलिस ने हरदोई से दो और रायबरेली से पांच संदिग्धों को हिरासत में लिया है। वहीं, शुक्रवार को एसओजी प्रभारी ने चकेरी में रहने वाले मृतक के पिता आरके पाल से संपर्क कर 70 लाख की प्रॉपर्टी से संबंधित सवाल पूछे।
दहेली सुजानपुर निवासी जय प्रकाश पाल बीओबी की डीह (रायबरेली) शाखा में तैनात थे। मंगलवार रात रायबरेली के मिल एरिया थाना क्षेत्र में उनकी गोलियों से भूनकर हत्या कर दी गई थी। लखनऊ में 70 लाख की जमीन की खरीद फरोख्त को लेकर उनकी हत्या कराए जाने की आशंका पुलिस ने जताई है।
पुलिस ने बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरों की 15-20 दिन की फुटेज खंगाली है। एसपी श्लोक कुमार के अनुसार जय प्रकाश की सीडीआर से पता चला कि उनकी फोन पर किसी से ज्यादा बात नहीं होती थी। लखनऊ में उन्होंने जिस एजेंट के माध्यम से प्रॉपर्टी खरीदी थी, जय प्रकाश अक्सर एजेंट से उसके मौसा के आइसक्रीम पार्लर पर मिलते थे।
मृतक की भांजी को परेशान करने वाला हरदोई निवासी युवक था। उसने जय प्रकाश को धमकी भी दी थी। पुलिस ने दो संदिग्धों को हरदोई से उठाया है।