कानपुर के कोहना में दो दिनों से लापता सेल्समैन नवीन शर्मा (30) की गला कसकर हत्या कर दी गई। रविवार दोपहर उसका शव ग्वालटोली थाना क्षेत्र में धोबी घाट के पास एक कंपाउंड में गड्ढे में पड़ा मिला। गला बिजली की केबिल से कसा हुआ था और माथे पर गहरा जख्म था।
पुलिस उसके पड़ोसी परिवार को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। मृतक का मोबाइल भी गायब है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला कसकर हत्या करने की पुष्टि हुई है, सिर पर भारी वस्तु से प्रहार किया गया था। सिर की हड्डी तीन जगह से टूटी मिली।
भैरव घाट टेफ्को-2 इलाका निवासी नवीन पान मसाला की दुकानों पर माल सप्लाई करता था। उनके बड़े भाई अर्पित ने बताया कि शुक्रवार दोपहर करीब ढाई बजे नवीन घर से निकला था। देर तक वह नहीं लौटा और मोबाइल भी बंद बताने लगा। कोहना थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई।
रविवार दोपहर ग्वालटोली क्षेत्र में धोबी घाट के पास स्थित एक कंपाउंड के गड्ढे में नवीन का शव पड़ मिला। एडीसीपी पश्चिम अभिषेक अग्रवाल ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। परिजनों ने एक परिवार पर आरोप लगा तहरीर दी है। उसी आधार पर जांच की जा रही है। जल्द वारदात का खुलासा कर आरोपियों को पकड़ा जाएगा।