देश में राष्ट्रीय राजमार्गों के विकास और बुनियादी ढांचे को बेहतर बनाने के लिए आईआईटी के वैज्ञानिक सहयोग करेंगे। इसके लिए आईआईटी कानपुर और एनएचआईडीसीएल के बीच समझौता हुआ है।
आईआईटी कानपुर के वैज्ञानिक अब राष्ट्रीय राजमार्ग के इंजीनियरिंग और बुनियादी ढांचे पर काम करेंगे। इसको लेकर आईआईटी और राष्ट्रीय राजमार्ग अवसंरचना विकास निगम लिमिटेड के बीच एमओयू हुआ है।
विज्ञापन
राष्ट्रीय राजमार्ग के एमडी चंचल कुमार और संस्थान के निदेशक प्रो. अभय करंदीकर के बीच हुए समझौते के तहत आईआईटी विज्ञान, इंजीनियरिंग, डिजाइन, प्रबंधन व मानविकी के विभिन्न नवाचारों को राष्ट्रीय राजमार्ग के साथ साझा करेगा। यह समझौता पीएम गति शक्ति मल्टी-मॉडल कनेक्टिविटी पहल के लिए राष्ट्रीय मास्टर प्लान के उद्देश्यों को साकार करने में मदद करेगा।
इंजीनियरिंग और बुनियादी ढांचे के विकास पर होगा काम
देश और प्रदेश में विगत कई वर्षों से राष्ट्रीय राजमार्गों को और बेहतर बनाने पर काम किया जा रहा है। इसके तहत तकनीकी खामियों, बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर, क्वॉलिटी कंस्ट्रक्शन आदि पर ध्यान केंद्रित किया गया है। आईआईटी कानपुर और एनएचआईडीसीएल का यह करार राष्ट्रीय राजमार्गों को संवारने और बेहतर बनाने के लिए काम करेगा।