प्रधानमंत्री को नरेंद्र मोदी 28 दिसंबर को कानपुर एयरफोर्स स्टेशन से सड़क मार्ग से भी कार्यक्रम स्थलों तक ले जाने की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। शुक्रवार को नगर निगम ने इस रूट पर 300 अतिरिक्त सफाई कर्मचारी लगाकर काम शुरू कराया। नगर आयुक्त सहित अन्य अफसरों ने रूट और सभा स्थल का निरीक्षण कर 26 दिसंबर की सुबह तक सफाई और लाइटिंग व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
प्रस्तावित कार्यक्रम के तहत प्रधानमंत्री 28 दिसंबर को दिल्ली से एयरफोर्स स्टेशन तक विशेष विमान से और वहां से हेलिकॉप्टर से आईआईटी जाएंगे। वहां दीक्षांत समारोह में शामिल होकर आईआईटी गेट के पास स्थित मेट्रो स्टेशन पहुंचेंगे। यहां मेट्रो ट्रेन के लोकार्पण के बाद पहले यात्री के रूप में गीतानगर मेट्रो स्टेशन तक सफर करेंगे। वहां से सड़क मार्ग से सीएसए हैलीपैड और हेलिकॉप्टर से निराला नगर सभा स्थल पहुंचेंगे।
वहां से लौटने का कार्यक्रम भी हेलिकॉप्टर से है। लेकिन, उस दिन कोहरा और धुंध अधिक होने की स्थिति में यदि हेलिकॉप्टर उड़ने में दिक्कत हुई तो प्रधानमंत्री को सड़क मार्ग से ले जाने की योजना है। इसके लिए एयरफोर्स स्टेशन से रामादेवी, टाटमिल चौराहा, जरीब चौकी चौराहा, गोल चौराहा होते हुए आईआईटी और गीता नगर मेट्रो स्टेशन से गोल चौराहा, टाटमिल, किदवईनगर, संजय वन रोड होते हुए निराला नगर सभास्थल और फिर बाईपास होते हुए एयरपोर्ट तक ले जाने की योजना है।
सड़क किनारे मिला कूड़ा और गोबर का ढेर
इसे देखते हुए नगर आयुक्त शिवशरणप्पा जीएन ने इन रूटों का निरीक्षण किया। बाईपास किनारे सिमरा गांव के पास काफी कूड़ा और गोबर पड़ा था। नगर स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि वहां आसपास से लोग रात में कूड़ा डालते हैं, चूंकि यह जमीन कैंट क्षेत्र की है। इसलिए कोई वीआईपी मूवमेंट होने पर ही नगर निगम वहां सफाई कराता है।
यहां से करीब 35-40 ट्रक कूड़ा उठाया जा चुका है। इस संबंध में प्रवर्तन अधिकारी को तत्काल वहां सिक्योरिटी लगाकर रात में कूड़ा डालने वालों पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। जोनल अधिकारी वीके सोनी को वहां मिट्टी डलवाकर समतलीकरण कराने के निर्देश दिए गए। दहेली सुजानपुर में हाईवे किनारे कबाड़, खराब बोरे देख जोनल स्वच्छता अधिकारी को इन्हें तुरंत हटवाने के लिए कहा।
नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अजय संखवार ने बताया कि पीएम के लिए सड़क मार्ग में भी 300 अतिरिक्त सफाई कर्मचारी लगाए गए हैं। निरीक्षण में नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अमित सिंह, जोन तीन के प्रभारी राधेश्याम पटेल, जोनल स्वास्थ्य अधिकारी अरविंद यादव, सुरेश यादव, अकील मसूद आदि मौजूद रहे।