कई मामलों में जेल में बंद चल रहे विधायक इरफान सोलंकी की संपत्तियों की जांच की तैयारी की जा रही है। शासन से मिले निर्देश के बाद इस दिशा में प्रक्रिया शुरू की गई है। बताया जा रहा है कि विधायक की जाजमऊ, पनकी, चकेरी व उन्नाव क्षेत्र में संपत्तियां हैं, जिनकी जांच की जाएगी। शक जाहिर किया जा रहा है कि यहां पर जितनी भी संपत्तियां बनाई गई हैं, उसमें कई मामलों में हेराफेरी की गई है।
इसी के साथ शहरी क्षेत्र सीसामऊ, कैंट क्षेत्र में विधायक के कहां मकान या अपार्टमेंट हैं, प्रशासन इस पर भी निगाह रखे हुए हैं। शासन से पुलिस को विधायक के अपराधों की जांच के साथ प्रशासन को विधायक की संपत्तियों का ब्योरा जुटाकर रिपोर्ट देने को कहा गया है। पता चला है कि इस संबंध में जाजमऊ, पनकी, चकेरी, उन्नाव क्षेत्रों में पिछले पांच वर्षों में कितनी रजिस्ट्रियां कराई गई, उसकी भी रिपोर्ट तैयार की जाएगी।