हरदोई जिले के बावन में लोनार कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बैजना में 23 फरवरी से लापता किसान का शव चौथे दिन गांव के दक्षिण दिशा में खेत में लगे पराली के ढेर में दबा मिला। मृतक के सिर में चोट व गले में रगड़ के निशान थे। परिजनों ने एक व्यक्ति पर हत्या कर शव ढेर में दबाने का आरोप लगाया है।
बेटे ने एक नामजद समेत तीन अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। लोनार कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बैजना निवासी रामप्रकाश यादव (50) खेतीबाड़ी करते थे। 23 फरवरी को मतदान के लिए जाने की बात कहकर निकले थे।
देर रात तक घर न आने पर परिजनों ने तलाश की, लेकिन सुराग नहीं मिला था। परिजन लगातार खोजबीन कर रहे थे। इसी दौरान शनिवार की दोपहर गांव के दक्षिण खेतों तरफ गए ग्रामीणों को ऋषीपाल के खेत में लगे पराली के ढेर से बदबू आनी महसूस हुई।