बांदा जिले में बरातियों से भरी तेज रफ्तार कार शनिवार दोपहर को जमुनी पुरवा के पास हाईवे खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी। हादसे में दूल्हे के भांजे समेत पांच बरातियों की मौत हो गई। एक गंभीर रूप से घायल है। उसे कानपुर रेफर किया गया है।
एसपी अभिनंदन ने बताया कि कार की अगली सीट पर शराब की बोतलें मिली हैं। इससे चालक के नशे में होने की आशंका है। कार की फिटनेस जांच भी कराई जा रही है। चित्रकूट में कर्वी शहर के कजियाना मोहल्ला निवासी मोहम्मद आफताब की बरात शनिवार की दोपहर को उरई जा रही थी।
अधिकतर बराती कारों से ही उरई के लिए रवाना हुए थे। इनमें गुफरान की एक्सयूवी-500 कार में उनके साथ पांच और लोग सवार थे। कार जब बांदा के कोतवाली क्षेत्र के जमुनी पुरवा के पास बांदा-मिर्जापुर नेशनल हाईवे पर पहुंची तो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे केबल से लदे ट्रक में पीछे से जा घुसी।
टक्कर इतनी तेज थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। कार सवार लोगों में चीख पुकार मच गई। राहगीरों ने पुलिस को सूचना देकर कार में फंसे लोगों को निकालना शुरू किया। ईदगाह रोड, हाथीखाना बांदा निवासी दूल्हे का भांजा मुशर्रफ (23) पुत्र मो. नफीस और द्वारिकापुरी, पुरानी बाजार, कर्वी (चित्रकूट) निवासी शमशुल (24) पुत्र जैनुल आबदीन की मौके पर ही मौत हो गई थी। एसपी का कहना है कि हादसे के कारणों की गंभीरता से जांच की जा रही है। डीएम अनुराग पटेल भी जिला अस्पताल पहुंचे और मृतकों के शवों का तत्काल ही पोस्टमार्टम कराने के निर्देश दिए।