राजपुर। सट्टी थाना क्षेत्र के जलालपुर में पति के साथ खेत में कीट नाशक का छिड़काव करवाने गई महिला को नशीला पदार्थ सुंघा कर बाइक सवार बदमाश बाला छीन ले गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना स्थल पर छानबीन करने के साथ बदमाशों की तलाश शुरू की है।
जलालपुर निवासी भवानी शंकर ने बताया कि वह खेती किसानी कर परिवार का भरण पोषण करते हैं। शनिवार शाम चार बजे के करीब वह पत्नी मंजू देवी के साथ बाजरे की फसल में कीट नाशक का छिड़काव करने गए थे। पत्नी सड़क किनारे खड़ी थी जबकि वह खेत में दवा का छिड़काव कर रहे थे। इस दौरान गांव की ओर से आए बाइक सवार दो बदमाशों में से एक ने जेब से रूमाल निकाल कर नशीला पदार्थ सुंघा दिया और कानों से बाले छीन लिए।
इसे देखकर उसने शोर मचाते हुए बदमाशों को पकड़ने का प्रयास किया, आसपास के खेतों में काम कर रहे किसान मौके पर पहुंचे तबतक बदमाश शाहजहांपुर की ओर भाग निकले। इसपर उसने डायल 112 पर घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने पीड़ित से पूछताछ के बाद आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू किए हैं। सट्टी थानाध्यक्ष कालीचरन कुशवाहा ने बताया कि बाइक सवारों की तलाश की जा रही है। मामले में तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।