रविदासपुरम में गुरुवार रात समाज कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने विधायक सुरेंद्र मैथानी को स्कूटी में पीछे बैठाकर क्षेत्र की गलियों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जनता की समस्याएं सुनीं और वृद्धा आश्रम की सुविधाओं को भी परखा।
कानपुर में गोविंदनगर विधानसभा क्षेत्र की रविदासपुरम बस्ती में समाज कल्याण विभाग के मंत्री असीम अरुण ने चौपाल लगाई। यहां उन्होंने क्षेत्रीय जनता की समस्याएं सुनीं और फिर विधायक सुरेंद्र मैथानी के साथ स्कूटी से गली-गली घूमे। साथ ही, साफ-सफाई और विकास कार्यों से लेकर सीवर समस्या को भी देखा। समाधान के लिए अफसरों को निर्देश भी दिए।
विज्ञापन
इस दौरान दो दिन पहले सड़क दुर्घटना के मृतक मैकूलाल के घर पहुंचे मंत्री ने उनके दो छोटे बच्चों की परवरिश के लिए योजना से लाभ दिलाने का आश्वासन दिया। परिजनों को सांत्वना दी और कहा कि आपका परिवार जिस कार्य में कुशल होगा, उसे वैसा रोजगार दिलाएंगे। असीम अरुण के साथ महापौर प्रमिला पांडे, नगर आयुक्त जीएन शिवशरणप्पा पार्षद आरती विजय गौतम, नगर पार्षद दीपक सिंह, अभिनव दीक्षित मौजूद रहे।
वृद्धा आश्रम में मिलने वाली सुविधाओं को भी परखा
असीम अरुण ने दामोदर नगर स्थित वृद्धा आश्रम का निरीक्षण किया। समाज कल्याण अधिकारी प्रज्ञा पांडेय के साथ पहुंचकर कूलर, पंखों के साथ ही भोजन की व्यवस्था परखी। इस दौरान वृद्धों ने मंत्री से कहा कि यहां पर एक डॉक्टर नियुक्त किया जाए।
साथ ही मच्छरदानी की भी मांग की। साथ ही वृद्धों का आयुष्मान कार्ड बनवाने को भी कहा। निरीक्षण के दौरान दामोदर नगर के लोग भी अपनी शिकायत लेकर पहुंच गए। किसी ने पानी तो किसी ने सीवर लाइन साफ न होने की समस्या रखी।