बांदा। तीन दिन पहले आए प्रवासी मजदूर युवक का शव नाले में मिला। गले में गहरे काले रंग के निशान पाए गए। परिजनों ने हत्या की आशंका जाहिर की है।
बबेरू कोतवाली क्षेत्र के पिस्टा गांव निवासी घूम्मो का बेटा मोतीलाल (19) का शव सोमवार को गांव से एक किलोमीटर दूर तिगोडिया नाले में मिला। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नाले से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। भाई शिवरतन ने बताया कि वह अविवाहित था। दिल्ली में रहकर मजदूरी करता था। तीन दिन पहले ही गांव आया था।
हत्या की आशंका जाहिर करते हुए कहा कि उसके गले में काले रंग के गहरे निशान थे। रस्सी से गला घोंटकर हत्या कर शव नाले में फेंक दिया गया है। कोतवाली प्रभारी अरुण कुमार पाठक का कहना है कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। तहरीर मिलने पर जांच व कार्रवाई की जाएगी।