सामाजिक सोच में परिवर्तन लाने के लिए कानपुर में शूट की गई एक शॉर्ट फिल्म बुधवार 11 बजे यूट्यूब पर लांच हुई। जिसमें कानपुर व उन्नाव के कलाकारों ने अहम किरदार निभाए हैं। पिछले माह 2 मिनट का प्रीमियर लांच किया जा चुका है। मूवी के शेष भाग अप्रैल माह में लांच होंगे।
पीएफसी फिल्म के बैनर तले बनी 4 मिनट 33 सेकेंड की फिल्म में दिखाया गया है कि किस तरह समाज के लोगों की सोच बदलती जा रही है। बिना समझे ही किसी बात पर फैसला लोग ले लेते हैं। जिसका बुरा प्रभाव पड़ता है। इस सोच को बदलने की जरूरत है।
निर्देशक प्रमोद गुप्ता ने बताया कि फिल्म में आज की सत्यता को दर्शाया गया है। फिल्म में भाई बहन के रिश्ते की कहानी है। भाई अपने बहन के जन्मदिन पर उसे पार्टी देने एक रेस्टोरेंट ले जाता है, वहां कुछ बदमाश लड़के भाई बहन को प्रेमी-प्रेमिका समझ कर छींटाकशी कर पीट देते हैं। फिल्म में विनीत सिन्हा ने भाई का रोल किया है, जबकि श्रेया दीक्षित ने बहन तथा छोटी बहन का रोल महम साहू ने निभाया है।
महम ने मां से सीखे एक्टिंग के गुर
श्याम नगर में रहने वाली महम साहू (8) किदवई नगर के वीरेंद्र स्वरूप एजूकेशन में कक्षा-3 की छात्रा है। पिता ब्रजेश साहू ने बताया कि उसे बचपन से ही एक्टिंग व डांसिंग का शौक था। मां पिंकी ने उसे दोनों सिखाए। ये उसकी पहली फिल्म है, इसमें 9 भाग है, सभी में उसकी भूमिका रहेगी।
थिएटर से बॉलीवुड तक का सफर
मुख्य किरदार निभा रहे विनीत सिन्हा लालबंगला में रहते हैं। उन्होंने बताया कि थिएटर आर्टिस्ट से करियर की शुरूआत की और बॉलीवुड तक जगह बनाई है। बॉलीवुड की डेढ़ इश्क मूवी में मुस्लिम युवक का किरदार निभाया। वर्ष 2019 में कानपुर के शोले फिल्म में पुलिस इंस्पेक्टर की भूमिका सराहनीय रही। सावधान इंडिया, वेब सीरीज सहित अन्य में काम किया है। अप्रैल में उनकी अयान-3 वेबसीरीज लांच होगी। ये सीरीज अपराधिक और सांप्रदायिक घटनाओं पर आधारित है।
छोटे किरदार से मिली पहचान
उन्नाव के इंदिरा नगर में रहने वाली श्रेया दीक्षित बताती हैं कि उन्हें पढ़ाई के साथ ही डांसिंग का शौक था। उन्होंने धमाल इंडिया शो में परफॉरमेंस देने के साथ ही कई एलबम इशारे तेरे, इश्क तेरा, कैसे हुआ में अहम किरदार निभाया है। वर्ष 2017 से अभी तक वह छोटे-बड़े पर्दे पर तमाम किरदार निभा चुकी हैं। जजमेंट शार्ट फिल्म उनकी पहली फिल्म है।