कानपुर में हरकोर्ट बटलर टेक्निकल यूनिवर्सिटी (एचबीटीयू) के वेस्ट कैंपस में राष्ट्रपति के अगवानी के लिए सैकड़ों हरेभरे पेड़ों को काट दिया गया। इसकी चपेट में कई वन्यजीव भी आए। कई सांप जंगल छोड़कर भागे तो एक मोटे अजगर पर पेड़ों को काटते वक्त आरा चल गया।
25 नवंबर को विवि के वेस्ट कैंपस में आयोजित होने वाले समारोह में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद शिरकत करेंगे। उनके लिए हेलीपैड भी यहीं बनाया जा रहा है। हेलीपैड बनने के लिए कैंपस के कई पेड़ों को काट दिया गया।
हालांकि, संस्थान चाहता तो ईस्ट कैंपस में पहले से ही बने हेलीपैड पर विचार कर सकता था। लेकिन, दूरी का हवाला देते हुए संस्थान ने जोखिम उठाना उचित नहीं समझा। इसी वजह से सैकड़ों पेड़ों की बलि दे दी गई।
संस्थान के अधिकारियों का कहना है कि पेड़ों को काटने की अनुमति वन विभाग से ले ली गई थी। वहीं, सूत्रों ने बताया कि जंगल होने की वजह से वहां सांप और अजगर काफी संख्या में थे। पेड़ों का कटान होते समय कई सांप इधर-उधर भागे। इस बीच एक अजगर कट भी गया।