शहर में मैनहोल की सफाई रोबोट ने करना शुरू कर दिया है। बुधवार को कंपनी के निदेशक ने नगर आयुक्त को रोबोटिक मशीन की चाभी सौंपी। सफल परीक्षण के बाद अब नगर निगम इसी तरह की और मशीनें खरीदने का प्लान बना रहा है।
कानपुर नगर निगम ने बुधवार को पहली बार रोबोटिक मशीन से मैनहोल की सफाई कराई। इस मशीन को बनाने वाली कंपनी का दावा है कि इससे एक दिन में 5 से 8 मैनहोल साफ किए जा सकते हैं। 20 - 45 मिनट में लगभग 80 किलो कचरा निकालने का भी दावा किया।
विज्ञापन
इससे पहले इस मशीन को बनाने वाली कंपनी जनरोबोटिक इनोवेशन प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक निखिल एनपी ने नगर निगम मुख्यालय में केएससीएल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी व नगर आयुक्त शिवशरणप्पा जीएन को रोबोटिक मशीन की चाबी सौंपी। उन्होंने यह मशीन नगर निगम को सौंप दी।
केआरएमपीएल के राहुल अवस्थी ने बताया कि इसका संचालन नगर निगम करेगा। उन्होंने आगे बताया कि महानगरों में सीवेज नेटवर्क का विस्तार काफी बड़े स्तर पर है, जिसकी सफाई के लिए मैनपॉवर व मशीनरी की आवश्यकता होती है। इसको देखते हुए नगर निगम ने रोबोट खरीदा है और जल्द ही ऐसी और मशीनें खरीदी जाएंगी।