जालौन में सिपाही की मौत का मामला
- फोटो : अमर उजाला
महोबा के कुलपहाड़ निवासी जालौन के कदौरा थाने में तैनात कांस्टेबल की संदिग्ध परिस्थिति में मौत के बाद शुक्रवार सुबह उसका शव पैतृक निवास कुलपहाड़ पहुंचा। सिपाही का शव देख परिजनों में कोहराम मच गया। गमगीन माहौल को देख ग्रामीणों की आंखें भी नम हो गईं।
भाई ने हत्या का आरोप लगाते हुए उच्च अधिकारियों से जांच की मांग की है। कस्बा कुलपहाड़ निवासी रमेश यादव थाना कदौरा में तैनात था। वह 1993 बैच का सिपाही है। उसके परिवार में पत्नी शैल कुमारी के अलावा तीन बच्चे सीमा (20), शिवम (18) व हिमांशु (16) हैं।
गुरुवार को उसके घर में सिपाही की आत्महत्या की खबर आई थी। सिपाही की मौत की खबर सुन परिजन ग्राम कदौरा पहुंचे। वहां पर परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा काटा था। किसी तरह अधिकारियों ने गुस्साए लोगों को शांत कराया था।
इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया था। शुक्रवार सुबह सिपाही का शव उसके घर कुलपहाड़ आते ही कस्बावासियों की बड़ी भीड़ जमा हो गई। इस दौरान सभी लोग उससे जुड़ी यादों को ताजा करने लगे। साथ ही उसके जाने से गमजदा हो गए। लोगों का मानना है कि वह आत्महत्या करने वाला इंसान नहीं था। मृतक के भाई ने घटना की जांच कराने की मांग की है। मृतक की पत्नी बच्चों की परवरिश को लेकर रोती रही।