इंद्रकांत त्रिपाठी (मृतक कारोबारी) आईपीएस मणिलाल पाटीदार
- फोटो : amar ujala
महोबा क्रशर कारोबारी इंद्रकांत त्रिपाठी की मौत व भ्रष्टाचार के मामले में फरार एक लाख के इनामी निलंबित आईपीएस मणिलाल पाटीदार के खिलाफ एक और मामला महोबा की शहर कोतवाली में दर्ज हुआ है। सीओ कुलपहाड़ तेज बहादुर सिंह ने उनके खिलाफ कोर्ट के आदेश की अवहेलना के तहत आईपीसी की धारा 174 (ए) के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई है।
कबरई के क्रशर कारोबारी इंद्रकांत त्रिपाठी मौत के मामले में पाटीदार को पुलिस 10 माह बाद भी गिरफ्तार नहीं कर सकी है। पाटीदार पर एक लाख रुपये इनाम है और उन्हें भगोड़ा घोषित किया जा चुका है। क्रशर कारोबारी की मौत के मामले में फरार चल रहे पाटीदार के खिलाफ कोर्ट ने कुर्की का नोटिस 21 जून को जारी किया था।
यह नोटिस पुलिस ने उनके राजस्थान प्रांत के जिला डूंगरपुर के सगवाड़ा सरौदा गांव स्थित आवासों पर चस्पा करा दिया था। इसके बावजूद मणिलाल न तो कोर्ट में हाजिर हुए और न ही खुद को पुलिस के हवाले किया। सीओ कुलपहाड़ ने शहर कोतवाली में निलंबित आईपीएस मणिलाल पाटीदार के खिलाफ कोर्ट के आदेश की अवहेलना का मामला दर्ज कराया है।