कानपुर। श्री अग्रसेन की 5149वीं जयंती हर्षोल्लास के साथ मनाई जाएगी। 22 सितंबर की शाम साढ़े पांच बजे से फूलबाग स्थित श्री अग्रसेन प्रतिमा स्थल से भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। वहीं युवाओं में जागरूकता लाने के लिए सात दिसंबर को एक दिवसीय डॉ. कुमार विश्वास की श्रीराम कथा का आयोजन सीएसए में किया जाएगा।
यह जानकारी शनिवार को श्री महाराजा अग्रसेन जयंती समिति की ओर से बिरहाना रोड स्थित एक ज्वैलर्स के शोरूम में हुई प्रेसवार्ता में अध्यक्ष राजेंद्र अग्रवाल ने दी। उन्होंने बताया कि शोभायात्रा में स्वजातीय संस्थाएं अपने बैनरों के साथ भाग लेंगी। व्यवसायी, धार्मिक, सामाजिक व राजनीतिक संगठनों के पदाधिकारी भी शोभायात्रा में शामिल होंगे। शोभायात्रा के दाैरान रामलला, पंचमुखी हनुमान, मां दुर्गा, महालक्ष्मी, महारास की भव्य झांकियों के साथ भगवान अग्रसेन की झांकी दर्शन का लाभ प्राप्त होगा।
शोभायात्रा फूलबाग से शुरू होगी जो बिरहाना रोड, नयागंज, जनरलगंज, मनीराम बगिया, गया प्रसाद लेन, टोपी बाजार, चौक सर्राफा, गिलिश बाजार, अग्रसेन स्मृति भवन, मेस्टन रोड होते हुए आईएमए सभागार में विश्राम लेगी। यहां पर सभा होगी जिसमें समाज के वरिष्ठजनों को उनकी सामाजिक सेवाओं के लिए सम्मानित किया जाएगा।
साथ ही हाईस्कूल व इंटरमीडिएट के मेधावी बच्चों को भी सम्मानित किया जाएगा। मुख्य अतिथि वरिष्ठ समाजसेवी ओमप्रकाश डालमिया होंगे। राजेंद्र ने बताया कि मंधना में शहर का पहला महालक्ष्मी माता मंदिर तीन हजार 680 गज में बनाया जाएगा। केडीए से नक्शा पास होते ही निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा। यहां पर मनीष दर्पण, पंकज अग्रवाल, अभिषेक अग्रवाल, रामसेवक अग्रवाल, विशाल अग्रवाल, ज्ञानेंद्र विश्नोई आदि रहे।