मधु कपूर हत्याकांड में पुलिस ने कुछ जेवरात बरामद किए हैं। इस पर मधु की बेटी डॉ. नीरू टंडन ने सवाल उठाए हैं। उनका दावा है कि करीब एक करोड़ के जेवरात हत्यारों ने लूटे थे। जिसकी लिस्ट पुलिस को सौंपी थी। जो जेवरात बरामद हुए हैं वह न के बराबर हैं। वहीं नीरू का शक अभी भी नौकरानी सावित्री पर है।
हालांकि पुलिस की जांच में अब तक नौकरानी की भूमिका सामने नहीं आई है। कॉनकॉर्ड अपार्टमेंट के जिस फ्लैट में वारदात को अंजाम दिया गया था। ठीक उसके ऊपर वाले फ्लैट में मधु कपूर की बेटी डॉ. नीरू टंडन रहती हैं। उन्होंने ही केस दर्ज कराया था। वारदात का खुलासा होने पर पुलिस ने उनको जानकारी दी।
नीरू का कहना है कि बरामद जेवरात बहुत कम हैं। जेवरात करीब एक करोड़ रुपये के लूटे गए थे। इस पर ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर आनंद प्रकाश तिवारी का कहना है कि एफआईआर में इस बारे में पुख्ता तथ्य नहीं लिखा गया था। नकदी 21 हजार रुपये की लूटी गई थी। डीसीपी प्रमोद कुमार का कहना है कि अब तक की जांच में सामने आया है कि करीब बीस लाख के जेवरात लूटे गए हैं। अब सवाल है कि आखिर सच क्या है?