कानपुर कार्डियोलॉजी इंस्टीट्यूट में लंग्स और हार्ट के ट्रांसप्लांट की सुविधा के साथ हृदय रोग की अन्य उच्चीकृत चिकित्सीय सुविधाएं उपलब्ध होंगी। यहां दो सौ करोड़ रुपये से एडवांस कार्डियोलॉजी रिसर्च सेंटर बनाया जाएगा। कार्डियोलॉजी में तीन परियोजनाओं के शिलान्यास के मौके पर चिकित्सा शिक्षा मंत्री सुरेश खन्ना ने बताया कि इसकी क्षमता दो सौ बेड से बढ़ाकर पांच सौ की जाएगी।
इसके साथ ही 70 करोड़ रुपये से कार्डियक आईसीयू भी प्रस्तावित है। चिकित्सा शिक्षा मंत्री ने कार्डियोलॉजी में जलपान गृह (78.23 लाख रुपये), तारकोल रोड (94.90 लाख रुपये) और सीनियर रेजीडेंट बहुखंडी आवास (1467.27 लाख रुपये) परियोजना का शिलान्यास किया।
कार्डियोलॉजी में रोगियों के इलाज की उन्होंने तारीफ की और बताया कि असाध्य रोगियों की योजना का फंड 40 से बढ़ाकर सौ करोड़ कर दिया गया। इसमें गुर्दा, लिवर, हार्ट कैंसर के गरीब रोगियों का इलाज निशुल्क होता है। आयुष्मान के मद में कार्डियोलॉजी को सात करोड़ 48 लाख रुपये दे दिए गए हैं।
आयुष्मान योजना का दायरा और बढ़ाया जाएगा। उन्होंने बताया कि मेडिकल अस्पतालों में डायबिटिक रेटिनोपैथी के इलाज की व्यवस्था की जा रही है। हैलट को 54 करोड़ 70 लाख, जच्चा-बच्चा अस्पताल को 12 करोड़ 13 लाख, मेडिकल कालेज को 113 करोड़ 85 लाख बजट दिया गया है।
इस मौके पर सांसद देवेंद्र सिंह भोले ने कहा कि हैलट के ट्रॉमा सेंटर और कालेज को इंस्टीट्यूट बनाए जाने के मसले में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन से बात हुई। इस मौके पर राज्यमंत्री नीलिमा कटियार ने भी विचार व्यक्त किए। निदेशक डॉ. विनय कृष्णा ने योजनाओं के बारे में बताया। इस मौके पर विधायक सुरेंद्र मैथानी, विधायक महेश त्रिवेदी, प्राचार्य डॉ. आरबी कमल मौजूद रहे।