सपा मुखिया अखिलेश यादव ने कन्नौज संसदीय सीट पर सबसे ज्यादा वोट हासिल करने का रिकॉर्ड बनाया है। इस बार उन्हें छह लाख से ज्यादा वोट मिले हैं। इसके पहले कभी किसी प्रत्याशी को छह लाख या उससे ज्यादा वोट नहीं मिले थे। हालांकि जीत के अंतर के अपने ही रिकॉर्ड को तोड़ने से वह चूक गए। इस सीट पर 2004 के चुनाव में उनके नाम तीन लाख से भी ज्यादा वोटों के अंतर से जीत का रिकॉर्ड है। वोटों के अंतर से यह उनकी दूसरी बड़ी जीत है।
कन्नौज संसदीय सीट से अखिलेश यादव चौथी बार लोकसभा का चुनाव जीतने में कामयाब हुए हैं। हर चुनाव में उनके नाम अलग और अनोखा रिकॉर्ड दर्ज है। 2000 के चुनाव में जब वह पहली बार जीते थे तो इस सीट पर पहली बार हुए उपचुनाव में जीत का रिकॉर्ड उनके नाम दर्ज हुआ। उस चुनाव में वह 58725 वोट से जीते थे। अगले चुनाव 2004 में उन्होंने तीन लाख से ज्यादा वोट के अंतर से चुनाव जीता। उन्हें कुल 464367 वोट मिले थे। दूसरे नंबर पर रहे बसपा के ठाकुर राजेश सिंह को 156994 वोट मिला था।