कानपुर देहात। डीएम जेपी सिंह मंगलवार को टीकाकरण केंद्रों का जायज लिया। भिखनापुर केंद्र पर ताला लगा देख संबंधित अफसर व कर्मचारियों को नोटिस जारी कर नोडल अफसर का एक दिन का वेतन काटने का निर्देश दिया।
जिले में पचास से अधिक केंद्रों पर टीकाकरण किया जा रहा है। मंगलवार को डीएम अकबरपुर के भिखनापुर टीकाकरण केंद्र पर पहुंचे। वहां मेनगेट पर ताला लटकता मिला। डीएम ने नाराजगी जताई। इसके बाद संबंधित कर्मचारियों को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है। वहीं, नोडल अधिकारी डीसी मनरेगा हरिश्चंद्र का एक दिन का वेतन रोकते हुए नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। वहीं, तिगाई वैक्सीनेशन सेंटर में नोडल जिला पूर्ति अधिकारी सुनील कुमार ने बताया कि 45 और उससे अधिक उम्र के आठ लोगों ने टीका लगवाया है। इसपर डीएम ने आपत्ति जताई। डीएम ने कहा कि एक तरफ टीकाकरण केंद्र पर और बेहतर इंतजाम के प्रयास किए जा रहे हैं। वहीं कुछ लोग अभी भी लापरवाही बरत रहे हैं। आराम तलब अफसर टीकाकरण को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।