फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kanpur News: 1577 बूथों पर बीएलओ व बीएलए को सौंपी गई नाम कटने वालों की सूची

Sun, 14 Dec 2025 01:55 AM IST
कानपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, कानपुर
विज्ञापन
विज्ञापन
कानपुर देहात। एसआईआर में मृतक, अनुपस्थित, स्थानांतरित, डुप्लीकेट व अन्य श्रेणी में चिह्नित मतदाताओं को नाम कटने वाली सूची में रखा गया है। कुल 1577 बूथों पर यह सूची उपलब्ध कराई गई है। सत्यापन के पहले दिन 231 मतदाता सामने आ गए। नाम कटने की सूची में अब 208668 मतदाता हैं। शुक्रवार को 208899 मतदाता थे।
विज्ञापन

चुनाव आयोग ने एसआईआर के लिए 15 दिन का समय बढ़ा दिया है। जिले की चार विधानसभा क्षेत्रों में मृत, स्थानांतरित, अनुपस्थित, डुप्लीकेट जैसी श्रेणी में 208899 मतदाता चिह्नित किए गए हैं। अब बूथवार चिह्नित ऐसे मतदाताओं की सूची बीएलओ व बीएलए को दी गई है। बता दें कि एसआईआर से पहले चारों विधानसभाओं में कुल 1361777 मतदाता सूचीबद्ध थे। चार नवंबर से विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण शुरू हुआ। अब तक 1127277 गणना प्रपत्र डिजिटाइज कर दिए गए हैं।
वहीं, 2003 की मतदाता सूची से मैपिंग करीब 83 फीसदी हो गई है। अब 15 दिन का अतिरिक्त समय मिलने पर मृत, अनुपस्थित, स्थानांतरित, डुप्लीकेट जैसी श्रेणी में चिन्हित मतदाताओं का सत्यापन कराया जा रहा है। शनिवार को बूथों पर बीएलओ मौजूद रहे और ईआरओ ने कार्यालय से मिली नाम कटने वालों की सूची के जरिये सत्यापन शुरू किया। सुपरवाइजर या अन्य नामित अधिकारी सत्यापन की निगरानी कर रहे हैं। सत्यापन के दौरान 231 ऐसे मतदाता सामने आए हैं जो अब तक अनुपस्थित थे या फिर गणना प्रपत्र भरकर जमा नहीं किए थे। बीएलओ इनके गणना प्रपत्र भरकर एप पर अपलोड कर रहे हैं।
विज्ञापन

वहीं, मैपिंग के लिए मतदाताओं से वर्ष 2003 की मतदाता सूची का ब्योरा उपलब्ध कराने को कहा जा रहा है। यह काम 26 दिसंबर तक चलेगा। अनंतिम मतदाता सूची अब 31 दिसंबर को प्रकाशित की जाएगी। इसके बाद 30 जनवरी 2026 तक आपत्तियां लेकर उनका निस्तारण किया जाएगा। आपत्ति सही मिलने पर गणना प्रपत्र भरवाकर संबंधित का नाम मतदाता सूची में शामिल किया जाएगा।
......................
वर्जन......
ईआरओ कार्यालय से नाम कटने वालों की सूची बीएलओ व बीएलए को सौंपी गई है। राजनीतिक दल के प्रतिनिधियों को मांगने पर इस सूची की पीडीएफ कॉपी भी उपलब्ध कराई जा रही है। करीब दो लाख से अधिक नाम इस सूची में हैं। 15 दिन में इनका सत्यापन पूरा कर लिया जाएगा। पात्र मतदाता का नाम सूची से नहीं कटेगा। छूटे मतदाताओं के गणना प्रपत्र भरवाए जा रहे हैं। - गिरवर प्रसाद, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी
.....................
216 और गणना प्रपत्र भरे, घटे अनुपस्थित मतदाता
सत्यापन के पहले दिन ही 216 अनुपस्थित मतदाता सामने आ गए। रसूलाबाद में तीन मतदाता गणना प्रपत्र लेकर पहुंचे। अकबरपुर-रनियां में 107 मतदाताओं ने गणना प्रपत्र जमा किए। सिकंदरा में 102 मतदाताओं के गणना प्रपत्र डिजिटाइज किए गए। वहीं भोगनीपुर में चार मतदाता बूथों पर पहुंचे। बीएलओ ने इनके गणना प्रपत्र भरवाकर डिजिटाइज किए। जिले में अभी तक 56535 अनुपस्थित मतदाता चिह्नित हुए थे। सत्यापन के बाद अब ये घटकर 56319 रह गए हैं। जानकारों का कहना है कि जिन्होंने गणना प्रपत्र नहीं भरा है वह इसी श्रेणी में दर्ज हैं। बीएलओ घरों में गए मगर ये मतदाता उन्हें मिले नहीं या फिर उनके घरों में ताला बंद मिला। प्रयास के बाद भी इन मतदाताओं ने बीएलओ को गणना प्रपत्र भरकर वापस नहीं किए। घरों में तीन से अधिक चक्कर लगाकर बीएलओ लौट गए। अब नाम कटने वाली सूची का सत्यापन शुरू किया गया है। अब अनुपस्थित मतदाताओं गणना प्रपत्र जमा कर रहे हैं।
.......................
471 युवाओं ने भरे परिवर्धन फार्म
परिवर्धन, संशोधन व अपमार्जन फार्म बीएलओ को दिए गए हैं। रसूलाबाद में 214, अकबरपुर-रनियां में 135 परिवर्धन फार्म भरे गए हैं। वहीं सिकंदरा में 73 और भोगनीपुर में 49 युवाओं ने नाम जोड़ने के लिए फार्म भरे हैं। सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी गिरवर प्रसाद ने बताया कि अनंतिम मतदाता सूची 31 दिसंबर को प्रकाशित होगी। इसके बाद ही पोर्टल पर नये नाम जोड़ने, प्रविष्टि की गलती सुधारने और नाम काटने का विकल्प खुलेगा। फिलहाल बीएलओ फार्म-6 (परिवर्धन), फार्म-7 (अपमार्जन) और फार्म-8 (संशोधन) जमा कर सकते हैं।
.........................
बूथों पर पहुंच रहे लोग, भरे जा रहे गणना प्रपत्र
रसूलाबाद। नाम कटने वाली सूची बूथों पर पहुुंच गई है। लोग बूथ पर आकर सूची में अपना नाम जांच रहे हैं। यहां तीन मतदाताओं ने गणना प्रपत्र जमा किए हैं। एसडीएम सर्वेश कुमार सिंह ने बताया कि अनुपस्थित, स्थानांरित, मृतक व डुप्लीकेट नहीं नामों का सत्यापन हो रहा है। रसूलाबाद तहसील क्षेत्र के कुल 246 बूथों पर बीएलओ ग्राम प्रधानों व राजनीतिक दलों के कार्यकर्ताओं के सहयोग से सही जानकारी कर सत्यापन कर रहे हैं। इसी क्रम में उसरी प्राथमिक विद्यालय में बूथ संख्या 75, 76, 77 और 78 में बीएलओ पिंटू, आयशा, राजेश एवं गीता द्वारा सत्यापन में लगे रहे। बीएलओ पिंटू ने बताया कि बीएलए व ग्राम प्रधान को नाम कटने वाली सूची उपलब्ध करा दी गई है। यदि किसी की आपत्ति मिलेगी तो उसका निस्तारण किया जाएगा। (संवाद)
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें