फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kanpur News: चोरी की घटनाएं मंगलपुर पुलिस के लिए बनीं चुनौती

Sun, 14 Dec 2025 01:55 AM IST
कानपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, कानपुर
विज्ञापन
विज्ञापन
झींझक। मंगलपुर थाना क्षेत्र में नवंबर माह से सिलसिलेवार तरीके से चार चोरी की घटनाएं हुईं। इनमें से तीन चोरियां पुलिस के लिए अब भी चुनौती बनी हुई हैं। काफी समय बीतने के बाद भी पुलिस इन मामलों का खुलासा नहीं कर सकी है। यहां तक कि दो घटनाओं में जिम्मेदारों ने प्राथमिकी दर्ज करना भी लाजमी नहीं समझा।
विज्ञापन


घटना होने के बाद पुलिस ने टीम लगाकर छानबीन के नाम पर अंधेरे में तीर चलाकर कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, उनसे भी सुराग हाथ नहीं लगा। इसके बाद चोरी की घटनाएं ठंडे बस्ते में डाल दी गईं। इससे चोरों के हौसले बुलंद हैं और आमजन में भय का माहौल है। क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि मुखबिर तंत्र में गिरावट आने से पुलिस चोरों को पकड़ने में नाकाम साबित हो रही है। सर्दी का मौसम शुरू हो जाने के बाद भी चोरों की गिरफ्तारी न होने से चोरी की घटना हो जाने की आशंका पर लोगों को रतजगा करना पड़ रहा है।
...................

केस-1
17 नवंबर को हुई चोरी, पुलिस के हाथ अब भी खाली
नौवनपुरवा निवासी किसान विश्वनाथ ने पुलिस से शिकायत की थी। बताया था कि 17 नवंबर की रात को दीवार फांद कर घर में घुसे चोर उनकी सात बकरियां, कमरे में रखा बक्सा उठा ले गए। जिसमें नकदी सहित करीब छह लाख रुपये के जेवर मौजूद थे। सुबह चोरी होने की जानकारी पर छानबीन की तो बक्सा घर के पीछे खेत में पड़ा मिला था। इस घटना का अभी तक खुलासा नहीं हो सका है और न ही पुलिस की ओर से प्राथमिकी दर्ज की गई है।
विज्ञापन


...............
केस-2

प्राथमिकी नहीं दर्ज की चोर क्या पकड़ेगी पुलिस
झींझक के गांधी नगर वार्ड निवासी सीमा सिंह ने पुलिस को शिकायती पत्र दिया था। बताया था कि 19 नवंबर को वह बेटे हिमांशु के साथ भिवाड़ी राजस्थान में रिश्तेदार के यहां शादी समारोह में शामिल होने गई थीं। इस बीच घर में घुसे चोर अलमारी व बक्सों में रखे 60 हजार रुपयों सहित 20 लाख रुपये के जेवर चोरी कर ले गए। 27 नवंबर को घर लौटने पर उसे घटना की जानकारी हो सकी। इस मामले में भी पुलिस की ओर से अभी तक प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई है।
.................

केस- 3
प्राथमिकी दर्ज कर भूल गए जिम्मेदार
कठारा निवासी शिशुपाल सिंह ने पुलिस को शिकायती पत्र दिया था। बताया था कि पांच दिसंबर की रात को घर में घुसे चोर बक्से में रखे 55 हजार रुपये व जेवर चोरी कर ले गए। इसके साथ ही चोरों ने शिवध्यान सिंह के घर से 17 हजार रुपये व जेवर और उपेंद्र सिंह के घर से 60 हजार रुपये व जेवर चोरी कर लिए हैं। मामले में पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर प्राथमिकी तो दर्ज कर ली लेकिन घटना के एक सप्ताह बाद भी पुलिस के हाथ खाली है।

......................



बोले जिम्मेदार

चोरी की घटनाओं में थाना पुलिस के साथ स्वॉट, सर्विलांस की टीम छानबीन कर रही है। जल्द ही सभी घटनाओं का खुलासा किया जाएगा। - महेश कुमार, थानाध्यक्ष मंगलपुर
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें