कानपुर देहात। कोरोना की संभावित तीसरी लहर से बचाव के लिए स्वास्थ्य महकमा तैयारियों को पूरा करने में जुट गया है। सोमवार को सिकंदरा पीएचसी में ऑक्सीजन प्लांट लगाने के लिए उपकरण पहुंच गये। इसके साथ ही जनपद में एक लिक्विड ऑक्सीजन प्लांट लगाने के लिए भारत सरकार की टीम जमीन तलाश रही है।
कोरोना की दूसरी लहर ने लोगों को काफी प्रभावित किया था। लोग ऑक्सीजन के लिए दिनरात लाइन लगाकर सिलेंडर को रिफिल कराते थे। ऐसी स्थिति दोबारा ना हो, इसके लिए जनपद में अभी तक तीन ड्राई ऑक्सीजन प्लांट लग चुके हैं। इसमें दो जिला अस्पताल में और एक पुखरायां में लगाया गया है।
सिकंदरा पीएचसी में ऑक्सीजन प्लांट लगाने के लिए उपकरण सोमवार को पहुंच गए। उम्मीद है कि आने वाले 15 दिनों में प्लांट तैयार हो जाएगा। इसके साथ ही जिले में एक लिक्विड प्लांट भी भारत सरकार की ओर से लगाया जाना है।
इसके लिए जमीन की तलाशी जा रही है। यह प्लांट लगने से जिन अस्पतालों में ऑक्सीजन की व्यवस्था नहीं है, वहां के लिए सिलिंडर रिफिल कराए जा सकेंगे। उम्मीद है कि यह प्लांट पीएम केयर फंड से लगाया जाएगा।
सिकंदरा पीएचसी में ऑक्सीजन प्लांट लगाने के लिए उपकरण पहुंच गए हैं। वहीं, जनपद में एक लिक्विड ऑक्सीजन प्लांट की स्थापना भारत सरकार की ओर से होनी है। इसके लिए जगह तलाश की जा रही है। - डॉ. एके सिंह, सीएमओ।