राजपुर। सट्टी विद्युत उपकेंद्र के सट्टी की मड़ैया गांव में गुरुवार सुबह 10 बजे एचटी लाइन में आई खामी को दूर करने के लिए पोल पर चढ़े संविदा लाइनमैन को करंट लग गया। इससे वह गंभीर रूप से झुलस कर जमीन पर आ गिरा। पास मौजूद साथी कर्मचारी उसको इलाज के लिए राजपुर पीएचसी ले गए। वहां डॉक्टर ने उसकी हालत नाजुक देखते हुए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
राजपुर थाना क्षेत्र के पिचौरा निवासी ओमकार (38) सट्टी उपकेंद्र से संविदा लाइनमैन है। गुरुवार को वह कथरी नलकूप फीडर में फाल्ट की मरम्मत के लिए सट्टी की मड़ैया गांव में हाईटेंशन लाइन के पोल पर चढ़े थे। मरम्मत कार्य करने के दौरान करंट लग जाने से वह गंभीर रूप से झुलस कर जमीन पर आ गिरे। साथी कर्मचारी उनको इलाज के लिए राजपुर पीएचसी ले गए। वहां डाक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद उसको मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। सट्टी उपकेंद्र के अवर अभियंता केडी वर्मा ने बताया कि लाइनमैन बिजली घर से शट डाउन लेने के बाद नलकूप फीडर में फाल्ट की मरम्मत करने गया था। लाइन में करंट कैसे आया, इसकी जांच करवाई जा रही है।