झींझक। भूसा लदे ओवरलोड टैक्टर-ट्राली राहगीरों के लिए मुसीबत बन रहे हैं। दो लेन की सड़क पर एक लेन पर इन्हीं का कब्जा रहता है। ऐसे में पीछे से आने वाले वाहनों को दूसरी लेन पर जाना पड़ता है। जो कभी भी दुर्घटना का कारण बन सकता है।
मंगलपुर-झींझक रोड पर इन दिनों लाही के भूसे से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली दिनभर निकलते रहते हैं। वहीं, चौराहों पर तैनात पुलिस सब कुछ देखकर भी अंजान बनी रहती है। इससे सबसे ज्यादा परेशानी दो पहिया वाहन सवार को होती है। बिना ढके निकलने वाले ट्रैक्टर से भूसा गिरता रहता है, जो उनकी आंखों में चला जाता है और उनका संतुलन बिगड़ जाता है। मंगलपुर निवासी राजवीर ने बताया कि इस समय दिनभर भूसा लदे ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्राली निकलते रहते हैं। इसकी वजह से सड़क की एक लेन पूरी तरह घिर जाती है। इससे कई बार बड़ी दुर्घटना होने से बची है। मंगलपुर थाना प्रभारी महेश दुबे ने कहा कि बिना ढके व क्षमता से अधिक भूसा लादकर चलने वाले ट्रैक्टर-ट्राली पर कार्रवाई की जाएगी।