रूरा। रूरा रेलवे स्टेशन को जिला स्तरीय स्टेशन घोषित करने और रोकी गई ट्रेनों का ठहराव फिर से शुरू कराने की मांग को लेकर राज्यमंत्री ने रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखा है। उन्होंने क्षेत्र के लोगों की आवागमन संबंधी समस्याओं को देखते हुए स्टेशन के विकास की मांग की है।
उत्तर प्रदेश व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष आशीष कुमार मोनू ने बताया कि राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला ने पत्र में रेलमंत्री को अवगत कराया है कि रूरा रेलवे स्टेशन उत्तर मध्य रेलवे के कानपुर-टुंडला रेलखंड पर स्थित है। यहां से प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्री आवागमन करते हैं। यह स्टेशन जिला मुख्यालय माती के नजदीक स्थित प्रमुख रेलवे स्टेशन है। उन्होंने रूरा को जनपद का मुख्य रेलवे स्टेशन घोषित करने और इसके विकास के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश देने का अनुरोध किया है। वहीं, नगर पंचायत अध्यक्ष रामजी गुप्ता ने भी पत्र के माध्यम से वर्ष 2021 से बंद संगम और लिंक एक्सप्रेस के ठहराव को दोबारा शुरू कराने की मांग की है।
बता दें कि दो दिन पहले व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष ने व्यापारियों के साथ स्टेशन के टिकट घर के पास धरना-प्रदर्शन किया था। उनकी मांग थी कि रूरा स्टेशन को जिले का मुख्य स्टेशन घोषित किया जाए और प्रमुख ट्रेनों का ठहराव बहाल हो। मौके पर पहुंचे रेलवे के सहायक मंडल अभियंता देवेंद्र प्रसाद ने व्यापारियों को समस्याओं के जल्द निस्तारण का आश्वासन दिया था। इसके बाद प्रदर्शन समाप्त कर दिया गया।