Kanpur News: किसान से 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए लेखपाल को एंटी करप्शन टीम ने गिरफ्तार किया है। जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह ने लेखपाल को निलंबित कर विभागीय जांच बैठा दी है।
कानपुर में जमीन की दाखिल खारिज की रिपोर्ट लगाने के लिए किसान से 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते एक लेखपाल को एंटी करप्शन टीम ने मंगलवार रंगेहाथों धर दबोचा। हनुमंत विहार थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने के बाद लेखपाल को पुलिस के हवाले कर दिया। वहीं जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह ने लेखपाल को निलंबित कर विभागीय जांच बैठा दी है।
विज्ञापन
एंटी करप्शन कानपुर यूनिट में तैनात इंस्पेक्टर जेएस सिंह ने बताया कि घाटमपुर तहसील में तैनात लेखपाल पंकज कुमार के खिलाफ 21 मई को भदरस गांव निवासी मोहम्मद रजा ने शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप था कि पंकज जमीन की दाखिल खारिज की रिपोर्ट नहीं लगा रहा है।
वे पिछले करीब एक माह से चक्कर लगा रहे हैं। अंत में उसने 50 हजार रुपये की रिश्वत मांग रख दी। शिकायत पर एंटी करप्शन की टीम ने जाल बिछाया। रजा ने जब पंकज से संपर्क किया तो रिश्वत लेने के लिए अमौली गांव के ग्राम सचिवालय बुलाया। शाम करीब साढ़े छह बजे आरोपी ने जैसे ही मोहम्मद रजा से 50 हजार रुपये लेकर जेब में रखे, एंटी करप्शन की टीम ने दबोच लिया।