हरकोर्ट बटलर प्राविधिक विश्वविद्यालय कानपुर (एचबीटीयू) परिसर में संचालित साइंस एंड टेक्नोलॉजी एंटरप्रिन्योर्स पार्क (स्टेप एचबीटीआई) में अब आप फ्रेंच और जर्मन भाषा सीख सकेंगे। एक वर्षीय पाठ्यक्रम के लिए आवेदन की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है। एक जुलाई से कक्षाएं संचालित की जाएंगी।
संस्थान के समन्वयक प्रो. मनोज शुक्ला ने बताया कि विदेशी भाषाओं की बढ़ती डिमांड को देखते हुए इस साल से फ्रेंच व जर्मन भाषा के एक वर्षीय पाठ्यक्रम शुरू किए जाएंगे। इन पाठ्यक्रमों की सायंकालीन कक्षाएं संचालित की जाएंगी।
इसके लिए शहर के बेस्ट शिक्षकों का पूल भी बनाया गया है। ये अनुभवी शिक्षक इस पाठ्यक्रम के साथ फ्रेंच व जर्मन भाषा सिखाने के बाद रोजगार के अवसरों से भी छात्रों को जोड़ेंगे। दोनों पाठ्यक्रमों में 60-60 सीटों पर प्रवेश होने हैं और पहले 60 प्रवेश लेने वाले ही पढ़ाई कर सकेंगे।
इच्छुक अभ्यर्थी प्रवेश के लिए संस्थान के विदेशी भाषा विभाग की प्रभारी प्रियंका गुप्ता से 7388251777 पर संपर्क कर सकते हैं। प्रवेश के लिए आवेदन फॉर्म संस्थान की वेबसाइट stephbti.ac.in से डाउनलोड किया जा सकता है। प्रो. शुक्ला ने बताया कि इसके लिए 12 हजार रुपये फीस निर्धारित की गई है। एचबीटीयू और स्टेप एचबीटीआई के छात्रों को 50 प्रतिशत की छूट दी जाएगी।