मृतक की फाइल फोटो व घटना स्थल पर तैनात फोर्स
- फोटो : अमर उजाला
यूपी के कानपुर शहर में मंगलवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। यहां रावतपुर गांव के सैय्यदनगर में पुलिस की एक जीप ने युवक को कुचल दिया। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस जीप को मौके पर छोड़कर भाग निकली। इस मामले में जीप चालक को बर्खास्त और दरोगा को निलंबित कर दिया गया है।
यह घटना कल्याणपुर थाना क्षेत्र के सैय्यदनगर की है। यहां लाइट जाने के बाद युवक रजत वर्मा उर्फ बिट्टू (28) घर के बाहर टहलने निकला था। तभी पुलिस की अनियंत्रित जीप ने उसे कुचल दिया। तभी वहां से गुजर रहे एक एसएसआई घायल बिट्टू को लेकर हैलट अस्पताल पहुंचे। यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
गुस्साए लोगों ने पुलिस की जीप में पथराव कर तोड़फोड़ कर दी। जीप कल्याणपुर थाने की बताई जा रही है। लोगों का आरोप है कि जीप सवार पुलिस वाले नशे में थे। घटना स्थल पर देर रात से ही भारी पुलिस बल तैनात है। सैय्यदनगर इलाके में हंगामा जारी है।
जानकारी के अनुसरा इस मामले में उपनिरीक्षक को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कानपुर नगर द्वारा तत्काल प्रभाव से निलम्बित कर दिया गया है। मृतक के परिजन घर के बाहर घरने पर बैठ गए हैं। मौके पर हंगामा जारी है। मामला बढ़ता देख घटना स्थल पर भारी फोर्स तैनात है। डीएम व एसएसपी भी मौके पर पहुंच गए हैं। मृतक एक हिंदू संगठन का पदाधिकारी बताया जा रहा है।