लॉयर्स एसोसिएशन के चुनाव मंगलवार को होंगे। डीएवी डिग्री कॉलेज में सुबह आठ बजे से शाम पांच बजे तक मतदान होगा। 20 सदस्यीय कार्यकारिणी के लिए अध्यक्ष पद पर छह व महामंत्री पद पर आठ समेत कुल 74 प्रत्याशी मैदान में हैं। 15 बूथों पर 7765 मतदाता मतदान करेंगे।
लॉयर्स एसोसिएशन चुनाव के लिए सुबह से एल्डर्स कमेटी मतपत्रों, मतपेटियों व अन्य व्यवस्थाओं में जुटी रही। दूसरी ओर पुलिस-प्रशासन के अफसर भी शांतिपूर्ण चुनाव कराने के लिए सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे। चुनाव में पल-पल की निगाह रखने के लिए हर बूथ और मतदान स्थल के आसपास सौ सीसीटीवी कैमरे भी लगाए जाएंगे। एलआईयू को सतर्क कर दिया गया है।
लॉयर्स एसोसिएशन चुनाव
- फोटो : अमर उजाला
एल्डर्स कमेटी चेयरमैन रवि मोहन कटियार व मुख्य चुनाव अधिकारी राजेश यादव ने बताया कि मतदाताओं को सर्टिफिकेट ऑफ प्रैक्टिस कार्ड की मूल प्रति और क्यूआर कोड की पर्ची लाना अनिवार्य होगा। इन दोनों के बिना मतदाता मतदान नहीं कर सकेगा।
जानकारी देते कमेटी के पदाधिकारी
- फोटो : अमर उजाला
मोबाइल फोन प्रतिबंधित
इसके अलावा मतदान स्थल पर मोबाइल फोन पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगा। मतदाता अपना मोबाइल घर या चेंबर्स में रखकर आएं या किसी साथी के पास सुरक्षित रखें। एल्डर्स कमेटी की ओर से मोबाइल जमा करने की कोई व्यवस्था नहीं की जाएगी। हर बूथ पर क्यूआर कोड स्कैन करके मतदाता की पहचान करने के लिए निजी संस्थान के प्रशिक्षित नवयुवकों को लगाया गया है। मतपत्र देने के लिए मतदान स्थल पर भूतपूर्व सैनिक को नियुक्त किया गया है। इसके अलावा आरओ व एआरओ की भी तैनाती रही। चुनाव तैयारियों को लेकर की गई बैठक में रामप्रताप सिंह चौहान, अरुण कुमार तिवारी, देवनाथ शुक्ल, प्रबल प्रताप सिंह आदि मौजूद रहे।