कानपुर। कृषि भवन स्थित उप कृषि निदेशक सभागार में आयोजित किसान दिवस एवं महिला किसान दिवस कार्यक्रम में कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को फसलों की सुरक्षा और उत्पादन बढ़ाने के उपाय बताए।
उप कृषि निदेशक डॉ. आरएस वर्मा ने बताया कि आलू की फसल को झुलसा रोग से बचाने के लिए प्रति किलोग्राम बीज में पांच ग्राम ट्राइकोडर्मा का प्रयोग करना चाहिए। उन्होंने कहा कि ट्राइकोडर्मा न केवल फफूंद जनित रोगों को नियंत्रित करता है बल्कि फसल की पैदावार बढ़ाने में भी सहायक होता है। नाबार्ड के जिला विकास प्रबंधक राहुल यादव, जिला कृषि अधिकारी प्राची पांडेय ने विचार रखे। जिला कृषि रक्षा अधिकारी सलीमुद्दीन, मत्स्य निरीक्षक सुनील सिंह, उद्यान निरीक्षक अनिल कुमार सहित विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।