बांदा। किसान का शव गांव में पेड़ पर लटका मिला। पिता ने पड़ोसी दबंगों पर पीटकर हत्या के बाद शव फंदे पर लटकाने का आरोप लगाया है। पुलिस का कहना है कि जांच की जा रही है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
घटना पैलानी थाना क्षेत्र के हूसी पुरवा (डाड़ामऊ) की है। यहां शिवलाल निषाद (42) पुत्र दुर्गा प्रसाद का शव सोमवार रात घर से करीब 500 मीटर दूर पेड़ से फांसी पर लटका मिला। फंदा उसी के पैंट से कसा हुआ था। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम हाउस में मृतक के पिता और भाई रामबहादुर निषाद ने बताया कि रात करीब 9 बजे दबंग पड़ोसी और उसके परिजनों ने घर में धावा बोलकर शिवलाल को लाठियों से पीट दिया। बचाने में उसकी पत्नी सहदइया (38) को भी गंभीर चोटें आईं। आरोप लगाया कि मारपीट कर दबंगों ने परिवार के सभी सदस्यों को घर में बंद कर दिया। शिवलाल को जबरन अपने साथ ले गए। उसी के पैंट से गला घोटकर हत्या कर दी, फिर फंदे पर लटका दिया। उसके दोनों पैर जमीन पर थे। पिता ने रंजिश की वजह 25 वर्ष पुराने खेत का विवाद बताई है। मृतक के नाम सात बीघा जमीन है। वह खेतीबाड़ी कर परिवार की गुजर बसर करता था। दो पुत्र और दो पुत्री हैं।
उधर, थाने के इंस्पेक्टर बलजीत सिंह ने बताया कि रास्ते में शिवलाल की भैंस बंधी थी। तभी आरोपी पड़ोसी की बाइक उससे टकरा गई। इसी को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। दूसरे पक्ष के आरोपी को भी चोटें आईं। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।