पनकी अपहरण कांड में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। छात्र के अपहरण का मास्टरमाइंड उसका नाबालिग दोस्त ही निकला। फिरौती वसूलने के बाद छात्र को जंगल में ही मारकर फेंकने की तैयारी थी।
कानपुर के पनकी में हुए छात्र के अपहरण का मास्टरमाइंड उसका नाबालिग दोस्त ही निकला। उसी ने अपने रिश्तेदारों के साथ मिलकर साजिश रची। छात्र को तय जगह पर बुलाया। उसके बाद कार में बैठाकर अगवा कर ले गए। रास्ते में छात्र को जबरन बीयर पिलाई और विरोध करने पर लात-घूंसों और तमंचे की बट से पीटा।
विज्ञापन
पुलिस की जांच में सामने आया कि फिरौती वसूलने के बाद छात्र की हत्या की साजिश थी, जिससे उनकी पहचान न हो सके। पुलिस के मुताबिक कला का पुरवा निवासी 16 वर्षीय किशोर कुछ दिन पहले वैभव की कोचिंग में पढ़ने गया था। एक ही मोहल्ले का होने के नाते दोनों पहले से ही एक-दूसरे को जानते थे लेकिन कोचिंग से दोस्ती और गहरी हो गई।
वैभव ने उसे बताया था कि उसके पिता ने दो करोड़ रुपये की जमीन बेची है। डीसीपी क्राइम ने बताया कि आरोपी उदयभान की बहन की ससुराल कला का पुरवा में है। आरोपी किशोर की रिश्तेदारी उदय के परिवार में है। इस वजह से दोनों की बातचीत होती थी। करीब एक महीने पहले उदय से किशोर ने बताया कि वैभव के पिता ने दो करोड़ की जमीन बेची है। इसी के बाद दोनों ने मिलकर अपहरण की साजिश रच डाली।