इटावा। केंद्र सरकार ने उत्तर मध्य रेलवे (एनसीआर) के 790 किलोमीटर के मार्ग को अत्याधुनिक कवच प्रणाली से लैस करने के लिए 309.26 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत किया है। इसमें जिले के मैनपुरी और उदी मोड़ रेलवे ट्रैक को भी शामिल किया गया है।
मुख्य जनसंपर्क अधिकारी शशिकांत त्रिपाठी ने बताया कि उत्तर मध्य रेलवे के लिए इस अंब्रेला कार्य के तहत 540 करोड़ रुपये का सब-अंब्रेला कार्य स्वीकृत किया गया है। इसमें से 309.26 करोड़ की लागत से कवच प्रणाली के लिए मदवार कार्य को मंजूरी मिली है। इसके तहत चयनित रूटों पर सुरक्षा के और पुख्ता इंतजाम कराए जाएंगे। इसके लिए कर्मचारियों को भी प्रशिक्षण दिया जा रहा है। भारतीय रेलवे के समस्त मार्गों पर कवच तकनीक से जोड़ने का काम प्रगति पर है।
उत्तर मध्य रेलवे के शेष मार्गों पर भी इस प्रणाली को लागू किया जाना आवश्यक है। इससे ट्रेनों के संचालन और अधिक सुरक्षित हो सकेगा। बताया कि प्रयागराज मंडल के शिकोहाबाद–फर्रुखाबाद खंड (103.58 किमी), आगरा मंडल के धौलपुर–सर्मथुरा (70 किमी) एवं भांडई–उदईमोड़ (113 किमी), झांसी मंडल के ललितपुर–खजुराहो (164 किमी), बिरलानगर–उदीमोड़ (102 किमी), खजुराहो–महोबा (64 किमी), अलीगढ़–हरदुआगंज (14 किमी), खुर्जा जंक्शन–खुर्जा सिटी (4 किमी), बरहन–एटा (58 किमी), इटावा–मैनपुरी (54 किमी), कानपुर–अनवरगंज खंड (2.42 किमी), मोहारी–टंटपुर (18 किमी), उदीमोड़–इटावा (10 किमी) खंडों पर कवच प्रणाली स्थापित की जाएगी। मुख्य जन संपर्क अधिकारी ने बताया कि यह स्वीकृति प्रयागराज, झांसी और आगरा मंडलों के कुल 14 रेलखंडों में कवच प्रणाली लागू करने के लिए प्राप्त हुई है।