कानपुर के ग्वालटोली में मामूली विवाद के बाद चाचा ने भतीजे को बेल्टों से पीट दिया। चाची ने भी गंभीर आरोप लगाकर उसे फंसाने की धमकी दी। इससे दहशत में आए युवक ने तेजाब पीकर जान दे दी। भतीजे ने सुसाइड नोट लिखकर चाचा, चाची को अपनी मौत का जिम्मेदार ठहराया है।
पुलिस ने आरोपी चाचा, चाची के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इलाके के मकबरा में चार भाइयों में पप्पू, फखरुद्दीन, शाहबुद्दीन व सरफुद्दीन का परिवार रहता है। बुधवार को शाहबुद्दीन के बच्चों का फखरुद्दीन के बेटे मोनिश (20) से खेल के दौरान विवाद हो गया।
मोनिश के मामा असलम ने बताया कि शाहबुद्दीन अपनी पत्नी रुखसाना संग फखरुद्दीन के कमरे में पहुंचे। दोनों ने मोनिश को बेल्टों और लात-घूसों से पीट दिया। इसके बाद रुखसाना ने मोनिश को छेड़छाड़ के मुकदमे में फंसाने की धमकी दी।
असलम के अनुसार बुधवार देर रात करीब दो बजे मोनिश ने दहशत में आकर तेजाब पी लिया। परिजन उसे लेकर हैलट पहुंचे। यहां से उसे पीजीआई रेफर कर दिया गया। रविवार रात उसने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इस बीच परिजनों को मोनिश का लिखा हुआ सुसाइड नोट मिला।