मृतका के पास ही खून से सनी कुल्हाड़ी पड़ी मिली, जिससे गर्दन पर ताबड़तोड़ वार कर हत्या किए जाने की आशंका जताई गई है। घटना की जानकारी मिलते ही भोगनीपुर पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर बारीकी से छानबीन की और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए।
महिला की हत्या के बाद मौजूद परिजन
- फोटो : amar ujala
घर में अकेली थी बहू, सास लौटीं तो देखकर उड़े होश
घटना के समय घर में बहू प्रियंका अकेली मौजूद थी। मृतका की सास सीमा पत्नी रामसेवक ने बताया कि शनिवार को उनका बेटा पंकज मजदूरी करने गया था और पौत्र यश स्कूल गया हुआ था। वह खुद दो छोटे बच्चों को घर के बाहर खेलता छोड़कर खेत स्थित नलकूप पर गई हुई थीं। शाम करीब 04 बजे जब वह घर वापस लौटीं तो अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। बहू का रक्तरंजित शव जमीन पर पड़ा था और उसकी गर्दन पर गहरे जख्म के निशान थे।
परिजनों ने लगाया चार लोगों पर आरोप, जांच में जुटी पुलिस
मृतका के परिजनों ने परिवार की ही एक महिला समेत कुल चार लोगों पर पुरानी रंजिश के चलते हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। घटना की सूचना पर पहुंचे सीओ राजीव सिरोही ने बताया कि पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके का मुआयना कर शव को कब्जे में ले लिया है। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से गहनता से जांच कर रही है। परिजनों से मिली तहरीर और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।