कानपुर के गंगापुर में प्लॉट पर कब्जे की शिकायत पर पहुंचे कार्यवाहक बिधनू थाना प्रभारी शिव प्रकाश और झांसी के नवाबाद थाने में तैनात दरोगा सुनील कुमार के बीच मारपीट हो गई। पीछे से आई फोर्स दरोगा को पीटने के बाद न्यू आजाद नगर चौकी उठा लाई, जहां उनकी तबीयत बिगड़ने पर कार्डियोलॉजी में भर्ती कराया गया है।
सीओ ने थाने पहुंचकर घटना की जानकारी ली। नौबस्ता सिमरा निवासी दरोगा सुनील कुमार के अनुसार उन्होंने गंगापुर में पत्नी नीलम के नाम 2004 में प्लॉट खरीदा था। मंगलवार को प्लॉट का निर्माण कार्य करा रहे थे। इस बीच कार्यवाहक बिधनू थाना प्रभारी और न्यू आजाद नगर चौकी इंचार्ज शिव प्रकाश मौके पर पहुंचे और निर्माण कार्य रुकवा दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार इसे लेकर दोनों में पहले कहासुनी हुई फिर हाथापाई हो गई। मौके पर पहुंचा थाने का फोर्स सुनील कुमार को पीटते हुए चौकी ले गया। आरोप है कि यहां भी दरोगा की पिटाई की गई। बीपी के मरीज सुनील की हालत बिगड़ने पर पुलिस उन्हें सीएचसी ले गई जहां से कार्डियोलॉजी रेफर कर दिया गया।
दरोगा शिव प्रकाश ने बताया कि यशोदा नगर निवासी अनिल त्रिपाठी ने प्लॉट पर कब्जे की शिकायत की थी। इस पर वह मौके पर पहुंचे थे। इस बीच सुनील कुमार ने साथियों के साथ उनसे अभद्रता कर दी। सीओ पवन गौतम ने बताया कि जांच के बाद कार्रवाई होगी।