कानपुर शहर से मुंबई के लिए सोमवार से पहली हवाई सेवा शुरू हो गई। मुंबई से 145 यात्री कानपुर आए और यहां से 88 यात्री मुंबई गए। स्पाइस जेट के इस विमान ने अपने निर्धारित समय दोपहर दो बजे मुंबई के लिए उड़ान भरी। मंडलायुक्त सुभाष चंद शर्मा और एयरफोर्स स्टेशन कमांडर बीएन कुमार ने विमान को झंडी दिखाई।
विमान मुंबई से 40 मिनट देरी से उड़ा था और अपने निर्धारित समय (1:15) से दो मिनट पहले यहां आ गया। विमान जैसे ही अहिरवां एयरपोर्ट की हवाई पट्टी की परिधि मेें आया, लोगों ने हाथ उठाकर यात्रियों का अभिवादन किया। एयरपोर्ट अथॉरिटी की तरफ से विमान को कैनन वॉटर सैल्यूट (पानी की बौछार) भी दिया गया।
मुंबई से कानपुर आने वाले यात्रियों के चेहरे पर पहली हवाई सेवा की खुशी देखते ही बन रही थी। आने वाले यात्रियों में ज्यादातर कानपुर के ही रहने वाले थे। मुंबई से आने वाले 145 यात्रियों में 56 यात्री ऐसे थे, जिन्होंने दो दिन के भीतर टिकट कराए थे, वह भी सामान्य किराया दर (4099 रुपये) पर। वहीं जाने वाले 88 यात्रियों में 18 यात्री ऐसे रहे, जिन्होंने दो दिन में टिकट बुक कराए। यह टिकट भी सामान्य किराया दर (4199) पर मिले।