चकेरी के श्यामनगर में चोरों ने एक टेंट हाउस गोदाम का ताला तोड़कर करीब सवा लाख रुपये के सामान को पार कर दिया। चाणक्यपुरी निवासी आशीष गुप्ता का ए ब्लॉक श्यामनगर में टेंट हाउस का गोदाम है। आशीष ने बताया कि शुक्रवार देर रात स्कूटी सवार तीन चोरों ने पहले खुशी मोबाइल की दुकान के शटर तोड़ने का प्रयास किया। असफल होने पर शातिर उनके टेंट हाउस के गोदाम पहुंचे।
शटर तोड़कर चोरों ने पीतल के बर्तन समेत करीब सवा लाख की कीमत का सामान पार कर दिया। शातिरों की तस्वीर घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। थाना प्रभारी संतोष कुमार शुक्ला ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। इधर, चोरी से नाराज स्थानीय लोगों ने बताया कि खुशी मोबाइल में छह महीने पहले भी चोरी हुई थी जिसका पुलिस ने अभी तक खुलासा नहीं किया। उस दौरान भी शातिरों के फुटेज पुलिस को उपलब्ध कराए गए थे। व्यापारियों ने पुलिस पर रात्रि गश्त न करने का भी आरोप लगाया है।