आरोपियों की पहचान के-ब्लॉक किदवईनगर निवासी सिद्ध गोपाल गुप्ता उर्फ बब्लू (66) व नौबस्ता के यशोदानगर निवासी जितेंद्र कुमार तिवारी (58) हैं। वहीं बुधवार दोपहर एसआईटी की टीम ने गोविंदनगर के दबौली में हुए नरसंहार में शामिल पूर्व पार्षद भरत शर्मा और उसके भाई योगेश शर्मा को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपी एक ही परिवार के सात लोगों को मौत के घाट उतार दिया था।
इसके बाद लूटपाट कर शव को जला दिया था। इस नरसंहार में विशाख सिंह, उनकी पत्नी सरन कौर, बेटी गुरुवचन कौर के अलावा चार बेटों जोगेंदर सिंह, गुरचरन सिंह, छत्रपाल सिंह और गुरुमुख सिंह की हत्या की गई थी। एसआईटी के डीआईजी बालेद्रु भुषण ने बताया कि एसआईटी की कार्रवाई जारी रहेगी। देर रात आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दोबारा टीम रवाना होगी।
मामले में 13 आरोपी, चार की मौत, दो गंभीर बीमार, दो उम्रदराज
नौबस्ता थाने में दर्ज केस नंबर 574/84 में 13 लोगों को नामजद किया गया था। इनमें से चार की मौत हो चुकी है। दो कैंसर और रीढ़ की बीमारी से ग्रसित हैं। दो की उम्र 95 से ज्यादा है। ऐसे में इनकी गिरफ्तारी नहीं की जाएगी। अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।
साहब... हम तो जिंदगी के अंतिम पड़ाव पर हैं, जहां चाहो, ले चलो
एसआईटी टीम आरोपियों की गिरफ्तारी करने किदवईनगर पहुंची। दो उम्रदराज आरोपियों के घर एसआईटी पहुंची तो उन्होंने कहा कि साहब.... हम तो उम्र के अंतिम पड़ाव पर हैं। जहां चाहो, ले चलो। हमें तो खड़ा होने के लिए भी सहारे की जरूरत पड़ती है। इसके बाद टीम बगैर गिरफ्तारी करे लौट आई।